Chandigarh:आज गांव इटावा की आंगनवाड़ी के रिनोवेशन कार्य का शुभारंभ किया गया। इस रिनोवेशन कार्य के अंतर्गत पेंट-पॉलिश, मार्बल की सफाई, नई टाइल्स, नए दरवाजे एवं अन्य आवश्यक मरम्मत कार्य करवाए जाएंगे, ताकि आंगनवाड़ी को बच्चों एवं स्थानीय निवासियों के लिए अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं सुविधाजनक बनाया जा सके।
गांव के छोटे-छोटे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए यह कार्य शुरू किया गया है, ताकि बच्चे बेहतर वातावरण, नई सोच एवं सकारात्मक माहौल में शिक्षा प्राप्त कर सकें। लंबे समय से आंगनवाड़ी की मरम्मत की मांग की जा रही थी, जिससे यहां साफ-सफाई बेहतर हो सके तथा बच्चों और स्थानीय निवासियों को बीमारियों एवं अन्य परेशानियों से राहत मिल सके।
इस अवसर पर गांव इटावा के सीनियर सिटीजन सरदार सोहन सिंह जी ने नारियल तोड़कर कार्य का शुभारंभ करवाया। इस मौके पर मार्केट प्रधान विजय कुमार, सुरेश कुमार, अजीत सवार, राजेंद्र सिंह बिल्ला, बलविंदर कौर, आंगनवाड़ी स्टाफ, उषा आशा वर्कर,जगतार कौर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे तथा सभी ने इस सामाजिक कार्य को सफल बनाने में अपना सहयोग प्रदान किया।
आशा वर्कर उषा जी ने बताया कि आंगनवाड़ी के रिनोवेशन से गांव के बच्चों एवं आशा वर्करों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। नई बिल्डिंग एवं बेहतर सुविधाओं से बच्चों को सीखने और नई गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरणा मिलेगी।
जसबीर सिंह बंटी ने बताया कि गांव में आंगनवाड़ी बनने के बाद लंबे समय तक इसकी ओर विशेष ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब नगर निगम के सहयोग से आंगनवाड़ी का पूरी तरह कायाकल्प किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी को आधुनिक सुविधाओं एवं मॉडर्न सिस्टम के अनुसार विकसित किया जाएगा, ताकि हमारे बच्चे नई सोच, नई ऊर्जा एवं बेहतर दिशा के साथ आगे बढ़ सकें।
एसडीओ साहिल ठाकुर जी ने बताया कि कार्य जल्द ही पूरी गति से शुरू किया जाएगा, जिसमें संपूर्ण आंगनवाड़ी की पेंट-पॉलिश एवं फर्श आदि का कार्य कर भवन को आकर्षक एवं सुंदर बनाया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले लोग भी गांव इटावा के विकास कार्यों को देखकर प्रभावित हों और यह महसूस कर सकें कि गांव में विकास कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहे हैं।
No comments:
Post a Comment