Latest News

अटावा क्षेत्र में पानी संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु विशेष कैंप का किया आयोजन

चण्डीगढ़:-अटावा क्षेत्र के निवासियों की पानी सप्लाई, मीटर, बिलिंग एवं नए कनेक्शनों से जुड़ी लंबित समस्याओं के समाधान के लिए वार्ड नंबर 24 के पार्षद जसबीर सिंह के प्रयासों से नगर निगम चंडीगढ़ के सहयोग से दिनांक 2 मई 2026, शनिवार को कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर 42, चंडीगढ़ में प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक एक विशेष जल समस्या निवारण कैंप आयोजित किया गया।

इस विशेष कैंप में नगर निगम चंडीगढ़ के वरिष्ठ अधिकारी, जलापूर्ति शाखा के एस.डी.ओ. ललित कुमार और जे.ई. दिलीप सिंह सहित मीटर शाखा के अधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी मौके पर उपस्थित रहे और जनता की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।

कैंप के दौरान एस.डी.ओ. ललित कुमार ने उपस्थित क्षेत्रवासियों को विस्तारपूर्वक समझाया कि नए पानी के कनेक्शन, मीटर विभाजन तथा अन्य लंबित मामलों के लिए कौन-कौन से आवश्यक दस्तावेज तैयार करके जमा करवाने होंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि लोग निर्धारित दस्तावेज पूर्ण रूप से जमा करवाते हैं तो लगभग एक माह के भीतर उनके पानी के कनेक्शन संबंधी कार्यवाही पूरी कर दी जाएगी।

इसके साथ ही एस.डी.ओ.  ललित कुमार ने मौके पर मौजूद विभागीय स्टाफ को भी निर्देश दिए कि क्षेत्रवासियों को पूरी जानकारी सरल भाषा में दी जाए, उन्हें बताया जाए कि आवेदन ऑनलाइन किस प्रकार जमा होते हैं, फाइल किस प्रक्रिया से अप्रूव होती है तथा किस प्रकार बिना किसी परेशानी के उनका कार्य आगे बढ़ाया जा सकता है।

इस कैंप में निम्नलिखित समस्याओं पर विशेष रूप से सुनवाई एवं समाधान किया गया—

- नए पानी के कनेक्शन
- अलग-अलग परिवारों के लिए पानी के मीटरों का विभाजन
- मीटर रीडिंग संबंधी शिकायतें एवं खराब मीटर
- कमर्शियल पानी कनेक्शन हटाने संबंधी मामले
- पानी के बिलों में त्रुटियों का सुधार
- पानी सप्लाई से जुड़ी अन्य सभी शिकायतें

पार्षद जसबीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र के अनेक परिवार लंबे समय से पानी से संबंधित समस्याओं, गलत बिलिंग, मीटर विवाद तथा लंबित कनेक्शन मामलों से परेशान थे। आम जनता को बार-बार नगर निगम कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से सभी संबंधित अधिकारियों को एक ही स्थान पर बुलाकर यह जनहित कैंप आयोजित किया गया ताकि लोगों को त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी समाधान मिल सके।

उन्होंने कहा कि जनता की सुविधा और समस्याओं का समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित के कैंप आयोजित कर लोगों को राहत पहुंचाई जाएगी।

 जसबीर सिंह ने समस्त निवासियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा नगर निगम अधिकारियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि विभाग और जनप्रतिनिधि मिलकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य करेंगे।



No comments:

Post a Comment

buzzingchandigarh Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.
Published By Gooyaabi Templates