चंडीगढ़, 29 अगस्त। क्रिकेट जगत के दिग्गज और विश्व कप विजेता कप्तान कपिल देव ने ट्रिनिटी गोल्फ चैंपियंस लीग (टीजीसीएल) 2026 के लिए चंडीगढ़ की टीम का शुभारंभ किया। डिफेंडिंग चैंपियन चंडीगढ़ टाइटंस ने एक विशेष समारोह में अपनी नई पहचान जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स के रूप में पेश की। टीजीसीएल
2026 के लिए गत विजेता की नई पहचान का अनावरण कपिल देव ने किया। इस अवसर पर गुरिंदर भट्टी, चेयरमैन, जी बी रियल्टी ग्रुप करण गिल्होत्रा, को-ओनर, जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स; और सैंडी लेहल, को-ओनर, जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स भी उपस्थित रहे।
चंडीगढ़ टाइटंस की विरासत को आगे बढ़ाते हुए जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स टीजीसीएल 2026 में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान में उतरेगी। नई पहचान के साथ टीम का लक्ष्य अपनी पिछली चैंपियनशिप की सफलता को आगे बढ़ाने के साथ-साथ शहर के साथ अपने खेल संबंध को और मजबूत करना है। समारोह का मुख्य आकर्षण कपिल देव द्वारा टीम के नेतृत्व, मालिकों और साझेदारों के साथ जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स की नई पहचान का आधिकारिक अनावरण रहा।
इस अवसर पर कपिल देव ने कहा, “किसी शहर का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम को देखना हमेशा खास होता है। चंडीगढ़ की खेल संस्कृति शानदार है और जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स के जरिए इस भावना को बड़े मंच तक ले जाने का अवसर है।”
उन्होंने कहा, “चंडीगढ़ की टीम के लॉन्च का हिस्सा बनकर मुझे खुशी हो रही है। मैं जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स को इस सीजन के लिए शुभकामनाएं देता हूं। उम्मीद है कि टीम आत्मविश्वास के साथ खेलेगी और चंडीगढ़ को जश्न मनाने के कई और मौके देगी।”
जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स के सह-मालिक करण गिलहोत्रा ने कहा कि नई पहचान टीम की दीर्घकालिक खेल विरासत बनाने की महत्वाकांक्षा को दर्शाती है।
उन्होंने कहा, “गोल्फ कौशल, अनुशासन, धैर्य और चरित्र का खेल है और यही वे मूल्य हैं जिन्हें हम जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स में देखना चाहते हैं। डिफेंडिंग चैंपियन होने के नाते हमारी जिम्मेदारी है कि पिछली टीम द्वारा स्थापित मानकों को बनाए रखते हुए भविष्य के लिए कुछ बड़ा तैयार करें।”
उन्होंने कहा कि टीम का लक्ष्य चंडीगढ़ के साथ मजबूत जुड़ाव बनाना, युवा गोल्फरों को प्रेरित करना और शहर में गोल्फ संस्कृति को बढ़ावा देना है।
जीबी रियल्टी ग्रुप के चेयरमैन गुरिंदर भट्टी ने कहा कि नई पहचान टीजीसीएल में चंडीगढ़ के लिए बड़े लक्ष्य का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह चंडीगढ़ और टीम से जुड़े सभी लोगों के लिए गर्व का क्षण है। जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स केवल नया नाम नहीं, बल्कि चंडीगढ़ के लिए एक नया अध्याय और बड़ी महत्वाकांक्षा है।”
उन्होंने कहा कि डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में टीम पर खिताब बरकरार रखने की जिम्मेदारी है और साथ ही भविष्य के लिए बड़ी विरासत तैयार करने का अवसर भी है।
जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स के सह-मालिक और गोल्फर सैंडी लेहल ने कहा कि टीम प्रतिस्पर्धी उत्कृष्टता के साथ चंडीगढ़ की खेल भावना को आगे बढ़ाएगी। उन्होंने कहा, “डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में चुनौती और भी बड़ी होगी। हमारा लक्ष्य ऐसी टीम तैयार करना है जो आत्मविश्वास के साथ खेले और चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व गर्व के साथ करे।”
टाइनॉर के प्रमोटर ए.जे. सिंह ने कहा कि कंपनी अपने स्पोर्ट्स प्रमोशन वर्टिकल, टाइनॉर स्पोर्ट्स के माध्यम से जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स का समर्थन कर रही है। उन्होंने कहा कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और खिलाड़ियों व टीमों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए कंपनी प्रतिबद्ध है।
लॉन्च समारोह में टीम के नेतृत्व, मालिकों, खिलाड़ियों, साझेदारों और गणमान्य अतिथियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा— “एक नया नाम। एक बड़ा खेल। एक मजबूत विरासत।” टीम की सोच को “चंडीगढ़ की ग्रीन्स से भारत के फेयरवेज तक” थीम के जरिए भी सामने रखा गया, जो चंडीगढ़ की गोल्फ पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर ले जाने की महत्वाकांक्षा को दर्शाता है।
जीबी चंडीगढ़ लीजेंड्स का लॉन्च चंडीगढ़ की टीजीसीएल यात्रा के एक नए चरण का संकेत है। नई पहचान, मजबूत नेतृत्व और सहयोगी साझेदारों के साथ टीम टीजीसीएल 2026 में अपने खिताब का बचाव करने और चंडीगढ़ की गोल्फ विरासत को बड़े मंच तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ उतरेगी।
No comments:
Post a Comment