चण्डीगढ़ : पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (पीजीआई), चण्डीगढ़ में वर्ष 2012 में स्वच्छता निरीक्षक के नियमित पदों पर हुई भर्ती को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। इस संबंध में बसपा प्रतिनिधिमंडल ने पीजीआई के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को एक विस्तृत शिकायत सौंपकर नतिंदर कुमार, पुत्र हेमराज की नियुक्ति, उनके द्वारा प्रस्तुत अनुभव प्रमाण पत्र की प्रामाणिकता तथा भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की गई है।
चण्डीगढ़ बसपा के प्रभारी स. सुरिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि उनके समाज के व्यक्ति के साथ हुए धक्के को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायत देने गए प्रतिनिधिमंडल में पंजाब बसपा के महासचिव राजा राजिंदर सिंह ननहेड़िया, चण्डीगढ़ बसपा के प्रभारी सुरिंदर सिंह, अमरीक सिंह व परमजीत सिंह चम्मा आदि भी उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने आरटीआई के माध्यम से प्राप्त दस्तावेजों का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि नतिंदर कुमार द्वारा प्रस्तुत अनुभव प्रमाण पत्र का पीजीआई के मुख्य सतर्कता विभाग की जांच में सत्यापन नहीं हो पाया था। शिकायत के अनुसार, सतर्कता विभाग ने 13 नवंबर 2019 को अपनी जांच रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें संबंधित अनुभव प्रमाण पत्र को सत्यापित नहीं पाया गया। इसके बावजूद नियुक्ति की वैधता को लेकर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर सवाल खड़े किए गए हैं।
शिकायत में बताया गया है कि वर्ष 2012 में स्वच्छता निरीक्षक के नियमित पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी और 31 अक्टूबर 2014 को पात्र एवं अपात्र उम्मीदवारों की अंतिम सूची तैयार की गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, बलकार सिंह नामक उम्मीदवार का नाम सूची में प्रथम स्थान पर होने के बावजूद उसे नियुक्ति का अवसर नहीं मिला। वहीं, नतिंदर कुमार के अनुभव प्रमाण पत्र को लेकर भी गंभीर आपत्तियां उठाई गई हैं।
शिकायत में दावा किया गया है कि संबंधित अनुभव प्रमाण पत्र किसी कंपनी अथवा अधिकृत संस्थान के बजाय एक राजनीतिक दल के पार्षद द्वारा जारी किया गया बताया जाता है। ऐसे में प्रमाण पत्र जारी करने वाले व्यक्ति की प्रामाणिकता, उसकी वैधता और भर्ती नियमों के तहत उसकी स्वीकार्यता की जांच कराने की मांग की गई है।
मामले में एक अन्य महत्वपूर्ण पहलू पीजीआई सफाई कर्मचारी संघ की 4 सितंबर 2018 की शिकायत है, जो तत्कालीन निदेशक एवं उपनिदेशक को भेजी गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस शिकायत में भी अनुभव प्रमाण पत्र की प्रामाणिकता पर सवाल उठाए गए थे। इसके अलावा, डॉ. पल्लव राय द्वारा 11 जनवरी 2020 को चिकित्सा अधीक्षक को पांच दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाने का भी उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ता का सवाल है कि इन निर्देशों के बाद क्या कार्रवाई हुई और सतर्कता विभाग की रिपोर्ट पर अब तक निर्णय क्यों नहीं लिया गया?
शिकायत में तत्कालीन भर्ती समिति के अध्यक्ष एवं चिकित्सा अधीक्षक श्री विपिन कौशल, वरिष्ठ स्वच्छता अधिकारी श्री रवि शर्मा तथा समिति के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच करने की मांग की गई है। साथ ही, बलकार सिंह के अनुसूचित जाति वर्ग से होने का उल्लेख करते हुए उनके साथ संभावित जातिगत भेदभाव की आशंका की स्वतंत्र जांच कराने का आग्रह किया गया है।
शिकायतकर्ता ने यह भी मांग की है कि यदि जांच में नियुक्ति के लिए फर्जी अथवा अमान्य दस्तावेजों के इस्तेमाल की पुष्टि होती है, तो संबंधित कर्मचारी को नियुक्ति के बाद से अब तक किए गए वेतन एवं अन्य वित्तीय लाभों का ऑडिट कराया जाए। शिकायत में संबंधित कर्मचारी का वर्तमान मासिक वेतन लगभग 70 से 80 हजार रुपये होने की बात कही गई है।
इसके अतिरिक्त, सतर्कता रिपोर्ट निदेशक कार्यालय तक क्यों नहीं पहुंची, किस अधिकारी या कर्मचारी के स्तर पर फाइल लंबित रही और शिकायतों पर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, इसकी भी जांच की मांग की गई है। इसके लिए फाइल मूवमेंट, नोटशीट, डायरी नंबर, डिस्पैच रजिस्टर और संबंधित पत्राचार की जांच कराने का आग्रह किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने पीजीआई प्रशासन द्वारा मीडिया को संस्थान से संबंधित जानकारी देने पर प्रतिबंध लगाने वाले परिपत्र की वैधता और उसके प्रभाव की समीक्षा करने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि संस्थान में कथित अनियमितताओं की जानकारी देने वाले कर्मचारियों को प्रताड़ना या प्रतिशोधात्मक कार्रवाई से सुरक्षा मिलनी चाहिए।
निदेशक से मांग की गई है कि पूरे मामले की जांच ऐसे स्वतंत्र वरिष्ठ अधिकारी या समिति से कराई जाए, जिसका वर्ष 2012 की भर्ती प्रक्रिया अथवा पूर्व जांच से कोई संबंध न रहा हो। साथ ही, संबंधित मूल दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा शिकायत पर की गई कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल का कहना है कि यह मामला केवल एक कर्मचारी की नियुक्ति का नहीं, बल्कि पीजीआई जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय चिकित्सा संस्थान में भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता, प्रशासनिक जवाबदेही और योग्य उम्मीदवारों के अधिकारों से जुड़ा है। अब देखना होगा कि पीजीआई प्रशासन इन गंभीर आरोपों और वर्ष 2019 की बताई जा रही सतर्कता रिपोर्ट पर क्या कदम उठाता है।
[ 9855009286 ]
No comments:
Post a Comment