Latest News

सजोबा गोल्फ टूर्नामेंट-2026 में चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में जुटेंगे 100 पूर्व विद्यार्थी

चंडीगढ़, 23 नवंबर 2026: सेंट जॉन्स ओल्ड बॉयज एसोसिएशन (सजोबा) की ओर से 24 नवंबर को चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में वार्षिक सजोबा गोल्फ टूर्नामेंट-2026 का आयोजन किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में करीब 100 पूर्व विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। यह आयोजन खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ पुराने साथियों को एक बार फिर मिलने और आपसी जुड़ाव मजबूत करने का अवसर भी देगा।

टूर्नामेंट की जानकारी देने के लिए सजोबा के पदाधिकारियों और आयोजकों ने सेक्टर-26 स्थित सेंट जॉन्स हाई स्कूल में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इस अवसर पर सजोबा के पूर्व अध्यक्ष एसपीएस घई, अध्यक्ष निखिल जसपाल, इवेंट कोऑर्डिनेटर साहिल तलवार और मानद सचिव दानिश मांगट  उपस्थित थे।जीबी लेजेंड्स के सी ई ओ अमित सूद ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाग लिया ।

उल्लेखनीय है कि इस टूर्नामेंट को जीबी लेजेंड्स, कॉइनेज इन्वेस्टमेंट्स और बिग बेन ऑप्टिकल कंपनी का सहयोग मिल रहा है।

सजोबा के पूर्व अध्यक्ष एसपीएस घई ने कहा कि एसोसिएशन लगातार विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से अपने पूर्व विद्यार्थियों को एक मंच पर लाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि गोल्फ टूर्नामेंट भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे आपसी मेलजोल बढ़ेगा और अधिक से अधिक पूर्व विद्यार्थी एसोसिएशन की गतिविधियों से जुड़ेंगे।

सजोबा के अध्यक्ष निखिल जसपाल ने बताया कि टूर्नामेंट में करीब 100 पूर्व विद्यार्थियों के भाग लेने की उम्मीद है। इसमें गोल्फ खिलाड़ी विभिन्न श्रेणियों में व्यक्तिगत ग्रॉस और नेट पुरस्कारों के लिए मुकाबला करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन खेल के प्रति उत्साह दिखाने के साथ-साथ पुराने विद्यार्थियों को आपस में मिलने और अपनी पुरानी यादें ताजा करने का भी अवसर देगा।

टूर्नामेंट में कई श्रेणियों में पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें ओवरऑल ग्रॉस विजेता के अलावा 0-9, 10-18 और 19-24 हैंडीकैप श्रेणियों में विजेता और उपविजेता को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सीनियर श्रेणी (60 वर्ष और उससे अधिक) तथा जूनियर श्रेणी (18 वर्ष और उससे कम) के लिए भी अलग-अलग पुरस्कार होंगे। प्रायोजकों की श्रेणी में ग्रॉस विजेता को भी पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके साथ ही तीन विशेष प्रतियोगिताएं भी होंगी। इनमें होल नंबर 5 पर सबसे स्ट्रेटेस्ट  , होल नंबर 12 पर लांगेस्ट ड्राइव और होल नंबर 8 पर क्लोज़ेस्ट  टू द पिन वाले खिलाड़ी को पुरस्कार दिया जाएगा।

टूर्नामेंट के इवेंट कोऑर्डिनेटर साहिल तलवार ने बताया कि प्रतियोगिता 18 होल के प्रारूप में खेली जाएगी और स्कोरिंग के लिए स्टेबलफोर्ड सिस्टम अपनाया जाएगा। इसके तहत हर होल पर खिलाड़ी के प्रदर्शन के आधार पर अंक दिए जाएंगे। वहीं, नेट पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों का हैंडीकैप डबल पियोरिया सिस्टम के आधार पर तय किया जाएगा।

सजोबा के सचिव दानिश मांगट  ने बताया कि इस टूर्नामेंट में केवल सेंट जॉन्स ओल्ड बॉयज एसोसिएशन के सदस्य गोल्फ खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे।

टूर्नामेंट में गोल्फ के निर्धारित नियमों के साथ-साथ टूर्नामेंट कमेटी द्वारा मंजूर स्थानीय नियमों का भी पालन किया जाएगा। सभी खिलाड़ियों को अपना खेल अधिकतम साढ़े चार घंटे में पूरा करना होगा।

No comments:

Post a Comment

buzzingchandigarh Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.
Published By Gooyaabi Templates