चंडीगढ़, 27 नवंबर, 2026: एसोचैम नॉर्दर्न रीजन ने सीएसडीएम और चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से रैंप (RAMP) पहल के तहत एजुकेशन एंड स्किलिंग कॉन्क्लेव-2026 का सफल आयोजन किया। कॉन्क्लेव का थीम ‘विकसित भारत @2047: भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स के लिए शिक्षा, रिसर्च और एआई को आगे बढ़ाना’ था। इसमें नीति निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, एमएसएमई, शिक्षाविद और अन्य संबंधित पक्ष शामिल हुए। इस दौरान बदलते शिक्षा के माहौल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की बढ़ती भूमिका तथा उभरती इंडस्ट्रियल जरूरतों के अनुरूप शिक्षा और कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) को तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
कॉन्क्लेव के उद्घाटन सत्र में पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं, डॉ. पालिका अरोड़ा, पीसीएस, डायरेक्टर, हायर एजुकेशन, यूटी चंडीगढ़ ने विशेष संबोधन दिया।
अपने संबोधन में गुलाब चंद कटारिया ने प्रगतिशील और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में शिक्षा और कौशल विकास के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रासंगिक ज्ञान, व्यावहारिक कौशल और बदलते अवसरों के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता से लैस करना जरूरी है। देश की मानव संसाधन क्षमता को मजबूत बनाने के लिए सरकार, शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग की आवश्यकता पर भी उन्होंने जोर दिया।
उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान देने और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुशल वर्कफोर्स तैयार करने की जरूरत बताई, ताकि किसान आत्मनिर्भर बन सकें और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले।
इसके अलावा उन्होंने मेडिकल सेक्टर और मेडिकल टूरिज्म में बढ़ते अवसरों का भी विशेष तौर पर उल्लेख किया। उन्होंने चंडीगढ़ स्टार्टअप पॉलिसी के लिए एसोचैम के सहयोग और योगदान की सराहना करते हुए उद्यमिता (आंत्रप्रेन्योरशिप) और आर्थिक विकास को आगे बढ़ाने में उद्योग संगठनों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
डॉ. पालिका अरोड़ा, पीसीएस ने उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने, डिजिटल दक्षताओं को बढ़ावा देने और शैक्षणिक एवं कौशल विकास से जुड़ी पहलों में उद्योगों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने शिक्षा में एआई और तकनीक को शामिल करने के साथ यह सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया कि पढ़ाई समावेशी हो और स्टूडेंट्स के समग्र विकास पर केंद्रित रहे।
एसोचैम स्किल कमेटी पंजाब के चेयरमैन और वर्ल्ड स्किल ऑर्गेनाइजेशन के चेयरमैन बीर कमल सिंह ने आयोजन के दौरान स्वागत संबोधन दिया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि वर्कफोर्स की बदलती जरूरतों पर विचार-विमर्श के लिए शिक्षा, उद्योग और सरकार से जुड़े सभी पक्षों को एक मंच पर लाना जरूरी है।
शिक्षा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए डॉ. नियति चितकारा, चेयरपर्सन, एसोचैम स्कूल एजुकेशन कमेटी चंडीगढ़ एवं वाइस प्रेसिडेंट, चितकारा इंटरनेशनल स्कूल्स ने स्कूली स्तर से ही मजबूत शैक्षणिक आधार तैयार करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्टूडेंट्स में आलोचनात्मक सोच, रचनात्मकता, डिजिटल साक्षरता और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देना जरूरी है, ताकि वे उच्च शिक्षा और भविष्य के करियर के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें।
इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस (आईएसबी) के भारती इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक पॉलिसी की डायरेक्टर डॉ. आरुषि जैन ने नीतिगत दृष्टिकोण रखते हुए कहा कि ऐसा अनुकूल नीतिगत माहौल तैयार करना जरूरी है, जो इनोवेशन, रिसर्च, आंत्रप्रेन्योरशिप और शिक्षण संस्थानों तथा उद्योगों के बीच मजबूत सहयोग को बढ़ावा दे।
उद्घाटन सत्र में एसोचैम पंजाब स्टेट डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरमैन अभि बंसल, एसोचैम चंडीगढ़ यूटी डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरमैन राकेश भल्ला, एसोचैम जम्मू-कश्मीर यूटी डेवलपमेंट काउंसिल के चेयरमैन माणिक बत्रा, एसोचैम पंजाब स्टेट डेवलपमेंट काउंसिल के को-चेयरमैन इकबाल चीमा और एसोचैम की सीनियर रीजनल डायरेक्टर एवं हेड-नॉर्थ भारती सूद भी मौजूद रहे।
कॉन्क्लेव में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से पढ़ाने और सीखने की प्रक्रिया, डिजिटल शिक्षा फ्रेमवर्क, फैकल्टी की क्षमता बढ़ाने, उद्योगों से जुड़ी एजुकेशन, ग्रीन स्किल्स, वित्तीय साक्षरता और उद्यमिता जैसे विषयों पर भी काफी विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिभागियों ने कहा कि शिक्षा केवल किताबी और सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि स्टूडेंट्स को व्यावहारिक प्रशिक्षण, उद्योगों में काम करने का अनुभव और भविष्य के कार्यक्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकसित करने के अवसर भी मिलने चाहिए।
इस दौरान यह भी चर्चा हुई कि एमएसएमई को अपनी प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने, कारोबार का विस्तार करने और बाजार की बदलती मांगों के अनुरूप बने रहने के लिए स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, डिजिटल मार्केटिंग, ई-कॉमर्स और डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन जैसे क्षेत्रों में अपनी दक्षताओं को अपनाने और मजबूत करने की जरूरत है।
चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि भारत के शिक्षा और कौशल विकास इकोसिस्टम को मजबूत बनाने के लिए सरकार, शिक्षाविदों, उद्योगों और कौशल विकास संगठनों को मिलकर काम करना होगा। कॉन्क्लेव ने सभी संबंधित पक्षों को विचार साझा करने, आपसी सहयोग के क्षेत्रों की पहचान करने और विकसित भारत @2047 के विजन के अनुरूप भविष्य के लिए तैयार वर्कफोर्स तैयार करने के व्यावहारिक उपाय तलाशने का मंच प्रदान किया।
इस पहल के माध्यम से एसोचैम ने भारत को ज्ञान आधारित और कौशल आधारित अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में उद्योगों, सरकार और शिक्षण संस्थानों के बीच सार्थक संवाद तथा साझेदारी को बढ़ावा देने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
No comments:
Post a Comment