चंडीगढ़, 27 नवंबर, 2026: कला और संगीत की बाधाओं को पार करने तथा सामाजिक इनक्लूजन को बढ़ावा देने की ताकत का जश्न मनाते हुए स्माइलिंग डैंडेलियन फाउंडेशन ने सेक्टर-10 स्थित गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी के सहयोग से टीएएफआई (दी आर्ट फेस्टिवल फॉर इन्क्लूजन) के चौथे एडीशन का आयोजन किया है। फेस्टिवल की शुरुआत हो चुकी है। इसका आयोजन 3 दिसंबर को मनाए जाने वाले विश्व दिव्यांगता दिवस से पहले किया गया है। इस दौरान अलग अलग गतिविधियों का आयोजन किया गया है।
इस पहल के उद्देश्य के बारे में बताते हुए स्माइलिंग डैंडेलियन फाउंडेशन की को-फाउंडर शिवानी ढिल्लों ने कहा कि दो दिवसीय फेस्टिवल का उद्देश्य विशेष रूप से सक्षम बच्चों और युवाओं को एक ऐसा प्रभावी इनक्लूसिव प्लेटफॉर्म उपलब्ध करवाना है, जहां वे अपनी रचनात्मकता को तलाश सकें, अपनी कलात्मक क्षमताओं को पहचान सकें और संगीत सहित कला के विभिन्न माध्यमों से खुद को अभिव्यक्त कर सकें।
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के तहत 80 से अधिक स्पेशली एबल्ड बच्चों और युवाओं ने गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी में आयोजित म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट बनाने की वर्कशॉप में हिस्सा लिया। प्रतिभागियों ने फाउंडेशन की ओर से उपलब्ध करवाए गए सामान से पश्चिम अफ्रीका के पारंपरिक ताल वाद्य यंत्र 'असलाटो' बनाना सीखा। इसके बाद उन्होंने व्यक्तिगत और सामूहिक संगीत गतिविधियों के माध्यम से अलग-अलग ध्वनियों और लय का अनुभव किया।
उन्होंने कहा कि "हर बच्चे और युवा में अपनी अलग और विशेष क्षमताएं होती हैं। हमारा काम ऐसे अवसर और प्लेटफॉर्म तैयार करना है, जहां उनकी क्षमताएं सामने आ सकें। जब कोई अपने हाथों से कोई वाद्य यंत्र बनाता है और फिर उससे संगीत तैयार करता है, तो उसके चेहरे की खुशी ही सब कुछ बयां कर देती है।"
उन्होंने बताया कि इस कार्यशाला से बच्चों के विकास में भी मदद मिली। संगीत वाद्य यंत्रों को छूने, जोड़ने, पकड़ने और हिलाने जैसी गतिविधियों से उनकी बारीक शारीरिक गतिविधियों (फाइन मोटर स्किल्स), हाथ और आंखों के बीच तालमेल तथा संवेदनात्मक जागरूकता में सुधार लाने में मदद मिलती है।
संचार के माध्यम के रूप में संगीत के महत्व पर जोर देते हुए ढिल्लों ने कहा कि "संगीत के लिए शब्दों की जरूरत नहीं होती। जो व्यक्ति बोलने में कठिनाई महसूस करता है, वह भी लय के माध्यम से अपनी बात दूसरों तक पहुंचा सकता है।"
उन्होंने कहा कि खुद से कोई चीज तैयार करना और उसे दूसरों के साथ साझा करना प्रतिभागियों में उपलब्धि का एहसास और आत्मविश्वास पैदा कर सकता है। सामूहिक रूप से संगीत तैयार करने की गतिविधियां उन्हें अपने साथियों, वॉलंटियर्स और परिवारों के साथ बातचीत करने के लिए भी प्रोत्साहित करेंगी। इससे उन्हें दोस्ती विकसित करने और सामुदायिक जीवन में अधिक सक्रिय रूप से भाग लेने में मदद मिलेगी।
ढिल्लों ने बताया कि फेस्टिवल का अगला कार्यक्रम 28 नवंबर को शाम 5:30 बजे से गवर्नमेंट म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी के ऑडिटोरियम में एक विशेष संगीतमय शाम के रूप में आयोजित किया जाएगा। इसमें न्यूरोडाइवर्स गायकों, मां और भाई-बहन की जोड़ी तथा पंजाबी लोक और सूफी गायक इबादत और सुख की प्रस्तुतियां होंगी। इस दौरान लोककलाओं का एक पूरा उत्सव सभी को एक अलग और सुखद अहसास देगा।
उन्होंने कहा कि फाउंडेशन प्रदर्शन कलाओं, थिएटर, संगीत और पेंटिंग सहित कला के सभी रूपों को विशेष रूप से सक्षम बच्चों और युवाओं (दिव्यांगजनों) के लिए सुलभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। टीएएफआई और साल भर चलने वाली अपनी अन्य पहलों के माध्यम से संगठन का उद्देश्य चंडीगढ़ के स्पेशली एबल्ड बच्चों और युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों के सार्थक अवसर उपलब्ध करवाना है।
टीएएफआई 4.0 के माध्यम से फाउंडेशन इस संदेश को और मजबूत करना चाहता है कि इनक्लूजन यानि सभी को साथ लेकर चलना केवल किसी गतिविधि में भाग लेने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका वास्तविक अर्थ सभी को अपनी क्षमताओं को तलाशने, कुछ नया बनाने, प्रदर्शन करने और उनका जश्न मनाने के समान अवसर उपलब्ध करवाना है। इससे हम अपने लक्ष्यों को पाने के और करीब होंगे।
No comments:
Post a Comment