Latest News

सेक्टर 42 में धूमधाम से मनाया गया सावन तीज महोत्सव 2026

चंडीगढ़, 21 अगस्त 2026: सेक्टर 42 में सावन तीज महोत्सव 2026 का भव्य एवं रंगारंग आयोजन बड़े हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महिला मंडल, सेक्टर 42 द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं सेक्टरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
यह भव्य तीज महोत्सव पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं पार्षद वार्ड नंबर 24, जसबीर सिंह बंटी के प्रयासों एवं सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और तीज की पारंपरिक संस्कृति एवं रंगों की सुंदर झलक देखने को मिली।
इस अवसर पर महिलाओं के लिए विशेष रूप से झूले लगाए गए तथा “तीज महोत्सव 2026” की थीम पर आकर्षक सेल्फी प्वाइंट बनाया गया। ढोल की थाप, डीजे, गीत-संगीत और मनोरंजक कार्यक्रमों ने माहौल को खुशनुमा बना दिया। उपस्थित लोगों के लिए चाट-पापड़ी एवं लंगर सहित खाने-पीने की विशेष व्यवस्था भी की गई थी।

कार्यक्रम में महिलाओं की प्रतिभा एवं सहभागिता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया तथा विजेता महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इनमें “सादगी, तीज की रानी ,पटोला, पंजाबी मुटियार ” सहित विभिन्न पुरस्कार शामिल रहे।

इस अवसर पर महिला मंडल, सेक्टर 42 की प्रधान नीलम शर्मा ने सभी उपस्थित महिलाओं एवं अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने तीज महोत्सव के सफल आयोजन के लिए पार्षद जसबीर सिंह बंटी का धन्यवाद करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने तथा हमारी पारंपरिक संस्कृति को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में उषा शर्मा ने हरियाणवी एवं हिमाचली लोकगीत प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का खूब मनोरंजन किया। वहीं प्रसिद्ध गायक मीत गुरमीत ने अपने गीतों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ-साथ मजेदार चुटकुले सुनाकर दर्शकों को खूब हंसाया और समां बांध दिया।

तीज महोत्सव का मंच विशेष रूप से भारतीय ग्रामीण एवं पारंपरिक संस्कृति को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से सजाया गया था। मंच पर चरखा, पारंपरिक आटा चक्की, पींग (झूला) तथा ग्रामीण जीवन से जुड़ी विभिन्न वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया। इस विशेष सजावट का उद्देश्य बच्चों एवं नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत, परंपराओं और संस्कृति से परिचित करवाना था।

इस अवसर पर पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि तीज केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमारी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारी बेटियों और बच्चों को अपनी जड़ों एवं सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए महिला मंडल की पूरी ,,टीम, सभी सहयोगियों तथा सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया।

पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सज-धजकर तीज के गीतों, झूलों, संगीत एवं विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों का आनंद लिया। कार्यक्रम में उत्साह, उमंग और खुशियों का माहौल देखने को मिला।

No comments:

Post a Comment

buzzingchandigarh Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.
Published By Gooyaabi Templates