चंडीगढ़, 17 जुलाई 2026: मोटरस्पोर्ट जगत के महानायक स्वर्गीय हरि सिंह, जिन्हें स्नेहपूर्वक "द जिप्सी किंग" और "द फ्लाइंग सिख" के नाम से जाना जाता था, की प्रेरणादायी विरासत को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए वूमेन एंड चाइल्ड केयर वेलफेयर फाउंडेशन (डबल यू सी सी डबल यू एफ ) प्रमुख स्वास्थ्य संस्थानों के सहयोग से स्वैच्छिक रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जागरूकता व्याख्यान एवं निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन शनिवार, 18 जुलाई 2026, प्रातः 9:00 बजे से रामगढ़िया भवन, सेक्टर-27, चंडीगढ़ में करेगा।
इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए स्वर्गीय हरि सिंह के पुत्र मिवान सिंह ने कहा, "मेरे पिता का विश्वास साहस, समर्पण और जीवन के हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ देने में था। हमें गर्व है कि उनकी स्मृति को ऐसे जनहितकारी अभियान के माध्यम से सम्मानित किया जा रहा है, जो लोगों की जान बचाने का माध्यम बन सकता है। रक्तदान सबसे महान उपहारों में से एक है जो कोई व्यक्ति किसी जरूरतमंद को दे सकता है। मुझे आशा है कि यह पहल अधिक से अधिक लोगों को आगे आकर समाज के लिए सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।"
वूमेन एंड चाइल्ड केयर वेलफेयर फाउंडेशन (डबल यू सी सी डबल यू एफ) के महासचिव कमलजीत सिंह ने कहा, "हम ट्राइसिटी के सभी नागरिकों, शैक्षणिक संस्थानों, कॉर्पोरेट संगठनों, गैर-सरकारी संस्थाओं , युवा संगठनों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं से इस पुनीत अभियान में भाग लेने का हार्दिक आग्रह करते हैं। प्रत्येक रक्तदाता किसी के जीवन का रक्षक बनता है। आइए, मानवता की सेवा और सामाजिक एकता को सशक्त बनाते हुए स्वर्गीय हरि सिंह को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें।"
यह पहल एक ऐसे खेल महानायक के जीवन को समर्पित है, जिनके साहस, दृढ़ संकल्प और जुझारू व्यक्तित्व ने अनेक पीढ़ियों को प्रेरित किया। उनकी स्मृति को इस मानवीय अभियान से जोड़कर आयोजकों का उद्देश्य उनकी विरासत को जनसेवा के मिशन में बदलना है, ताकि स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से अधिक से अधिक जीवन बचाए जा सकें तथा समाज में स्वास्थ्य सेवाओं और नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
यह रक्तदान शिविर ऐसे समय आयोजित किया जा रहा है, जब गर्मियों के दौरान रक्त बैंकों में रक्त की मांग प्रायः बढ़ जाती है। इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वैच्छिक रक्तदान को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने तथा समाज में करुणा, सहयोग और सेवा की भावना को प्रोत्साहित करना है।
रक्तदान शिविर का संचालन टाटा मेमोरियल सेंटर (होमी भाभा कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र) की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम द्वारा किया जाएगा, जो रक्तदाताओं के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक व्यवस्था सुनिश्चित करेगी। कार्यक्रम के दौरान ग्रेशियन हॉस्पिटल, मिर्चियाज़ लेज़र आई क्लिनिक, डॉ. अग्रवाल्स आई हॉस्पिटल तथा अन्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी चिकित्सा सहयोग प्रदान करेंगे।
इस कार्यक्रम को रामगढ़िया सोसायटी, चंडीगढ़, इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (पंजाब राज्य शाखा) तथा वूमेन एंड चाइल्ड केयर वेलफेयर फाउंडेशन का सहयोग प्राप्त है।
प्रत्येक स्वैच्छिक रक्तदाता को प्रशंसा प्रमाण-पत्र, पौष्टिक अल्पाहार तथा निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श एवं नेत्र जांच की सुविधा प्रदान की जाएगी।
No comments:
Post a Comment