अमृतसर, 16 जुलाई:अमृतसर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 17 जुलाई को होने वाला जालंधर दौरा पंजाब के हर वर्ग के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब भी पंजाब आते हैं, राज्य के लिए विकास की नई सौगात लेकर आते हैं और इस बार भी करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शुभारंभ करेंगे।
अक्षय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान जालंधर कैंट, मोहाली, श्री मुक्तसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब के पुनर्विकसित एवं आधुनिक रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है, जहां आधुनिक वेटिंग हॉल, निःशुल्क वाई-फाई, उन्नत प्लेटफॉर्म, फूड कोर्ट तथा बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों की सुविधा के लिए एस्केलेटर सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण हाईवे परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में नई परियोजनाओं की शुरुआत होगी, जबकि पंजाब विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए मल्टीपरपज ऑडिटोरियम का भी उद्घाटन किया जाएगा।
अक्षय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा पंजाब के विकास को नई गति देगा और राज्य के हर वर्ग को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पंजाब भाजपा के कार्यकर्ताओं और आम लोगों में भारी उत्साह है तथा बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास और जनकल्याण की नीतियों के दम पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता भारतीय जनता पार्टी का साथ देगी।
No comments:
Post a Comment