पंचकूला की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं धार्मिक संस्था श्री कृष्ण कृपा परिवार पंचकूला ट्रस्ट की ओर से सेक्टर-16 स्थित अग्रवाल भवन में भव्य होली महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्री कृपा बिहारी जी के दर्शन किए और भक्तिभाव के साथ फूलों की होली खेली। आयोजन स्थल को विशेष सजावट से सुसज्जित किया गया था, जिससे पूरा परिसर वृंदावन धाम का आभास दे रहा था।
ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में लगभग 3500 से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने राधा-कृष्ण के जयकारों और “राधे-राधे” के भजनों के बीच आध्यात्मिक उल्लास का अनुभव किया।
भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु
महोत्सव के दौरान भजन सम्राट श्री कृष्णदास भूटानी, गुरुदेव स्वामी ज्ञानानंद महाराज के शिष्य एवं प्रसिद्ध भजन गायक श्री पवन गुंबर ने श्री कृपा बिहारी जी और राधा रानी सरकार के होली विशेष भजनों की प्रस्तुति दी। जैसे ही मंच से भजनों की स्वर लहरियां गूंजीं, श्रद्धालु भक्ति में सराबोर होकर झूम उठे। पूरा पंडाल भक्तिरस से ओतप्रोत नजर आया।
बरसाना जैसा सजा दरबार
आयोजन में विशेष रूप से बरसाना शैली में दरबार सजाया गया। लड्डू गोपाल के लिए भव्य मंच तैयार किया गया, जिसे आकर्षक फूलों और रंग-बिरंगी सजावट से अलंकृत किया गया था। लड्डू गोपाल को विभिन्न प्रकार के उपहार अर्पित किए गए। ठाकुर जी को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित कर उपस्थित भक्तों में वितरित किया गया।
श्रद्धालुओं ने वृंदावन से आए रासलीला कलाकारों के साथ रासलीला का आनंद लिया। चंदन, लड्डू और पुष्पों से होली खेली गई। बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला, जिन्हें खिलौने और टॉफियां वितरित की गईं।
ये अतिथि रहे उपस्थित
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ पंचकूला जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, हरियाणा के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव तरुण भंडारी की धर्मपत्नी साक्षी भंडारी, भाजपा के वरिष्ठ नेता उमेश सूद, पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा, पूर्व मेयर कुलभूषण गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की।
मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी अमित जिंदल और जगमोहन गर्ग उपस्थित रहे। ट्रस्ट से जुड़े बाऊ बृज लाल गर्ग, कैलाश मित्तल, चेयरमैन शाम लाल बंसल, अध्यक्ष परविंदर ढींगरा, महासचिव धर्मपाल सिंगला, दीपक लूथरा, वृषभान गर्ग,नीरज मित्तल, सुशील बिंदल, रिम्पी गर्ग, परवीन अग्रवाल, वनीत जैन, दिनेश गुप्ता, संजय गर्ग, साहिल गोयल, नरेश मित्तल (सांवरा स्वीट्स) दिनेश बंसल, हेमंत जिंदल, ट्रस्ट की महिला अध्यक्ष रूपाली जैन, सुनीता लूथरा, सीमा सिंगला, रितु गुप्ता, पूजा गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
प्रसाद और व्यवस्थाओं की सराहना
ट्रस्ट की ओर से सभी श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुव्यवस्थित प्रबंधन और अनुशासित आयोजन की उपस्थित जनसमूह ने सराहना की।
होली महोत्सव के इस भव्य आयोजन ने पंचकूला में धार्मिक एवं सांस्कृतिक समरसता का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया। एक दिन के लिए अग्रवाल भवन सचमुच वृंदावन धाम में परिवर्तित हो गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रेम, भक्ति और उल्लास के साथ रंगों का पर्व मनाया।
No comments:
Post a Comment