चण्डीगढ़ : आजाद ड्रामेटिक क्लब, सेक्टर-20 द्वारा शहीद-ए-आजम भगत सिंह की स्मृति में आठवां "प्रणाम शहीदां नूं" सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के आयोजनकर्ता परमजीत सिंह पम्म ने बताया कि इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण कवि सम्मेलन "एक कविता भगत सिंह के नाम" रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वीर रस के प्रसिद्ध कवि एवं चण्डीगढ़ साहित्य अकादमी के उपाध्यक्ष डॉ.. अनीश गर्ग ने की, जबकि कार्यक्रम का संचालन युवा कवि पवन मुसाफिर ने किया। डॉ. अनीश गर्ग ने अपने ओजस्वी शब्दों से माहौल को देशभक्ति के रंग में सराबोर करते हुए कहा, "तुम्हारी आंखों में बस एक ख्वाब होना चाहिए...आंखों में तिरंगा, भीतर इंकलाब होना चाहिए...", कवि सर्वेश शायर ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति में कहा,"आजाद भगत सिंह का हम नाम कैसे भूलें, कैसे मिली आजादी, परिणाम कैसे भूलें", प्रिया कुमारी ने भगत सिंह की माता को समर्पित करते हुए कहा, "हे मां तुझ पर पूरे हिंद की उधारी है, जिसने कोख से भगत को जन्म दिया, उस कोख की दुनिया आभारी है", पवन शर्मा मुसाफिर ने जोशीले अंदाज में कहा, "भारतीयों के बाहर-भीतर परदेसी परिधान न होगा, भगत सिंह से बेटे जनने वाली का अपमान न होगा।" डा. शिप्रा सागर ने अपनी ओज से भरी पंक्तियों से खूब तालियां बटोरीं, "न चाहूं मान दुनिया में, न चाहूं स्वर्ग में जाना, अगर फिर जन्म हो मेरा, तो हो भारत में ही आना।"
इस कार्यक्रम में चंडीगढ़ के महापौर सौरव जोशी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के विशेष अतिथियों में पूर्व मेयर रविंद्र पाली, चंद्रमुखी शर्मा, पार्षद गुरबख्श रावत, पार्षद गुरप्रीत सिंह गाबी, प्रसिद्ध समाजसेवी शशि शर्मा तथा हरजिंद्र सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशेष रूप से प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं क्लब के महासचिव अशोक चौधरी, विपिन कथूरिया, एडवोकेट अशोक चौहान, अमित बावा, राजेश शर्मा बंटू, बलविंदर सिंह राजा सहित शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति, साहित्यकार एवं देशभक्त नागरिक उपस्थित रहे। क्लब के प्रधान प्रदीप गोयल ने सभी अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
No comments:
Post a Comment