चंडीगढ़, 13 अक्टूबर 2026: फैदा की महिला निवासियों ने सांसद मनीष तिवारी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है । फैदा की महिलाओं का आरोप है कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान तिवारी की तरफ से महिलाओं को हर महीने 8,500 रुपये या सालाना करीब एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया था, लेकिन यह वादा अब तक पूरा नहीं हुआ है। हाल ही में सेक्टर-25 की महिलाओं ने भी इस मुद्दे पर मौजूदा सांसद मनीष तिवारी के विरोध में प्रदर्शन किया था ।
सांसद के खिलाफ तख्तियां लेकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने कहा कि चुनाव हुए दो साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन वे अब भी आर्थिक सहायता मिलने का इंतजार कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि सांसद इस मामले में जवाब दें और स्पष्ट करें कि महिलाओं को यह आर्थिक सहायता कब तक दी जाएगी।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का समर्थन करते हुए समाजसेवी आनंद वर्मा ने कहा कि यह प्रदर्शन महिलाओं में बढ़ते असंतोष को दर्शाता है। महिलाएं अब इस वादे को लेकर सवाल उठा रही हैं और जानना चाहती हैं कि इसे पूरा करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शहर के कई इलाकों में इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं और महिलाएं लगातार जवाब मांग रही हैं।
वर्मा ने आगे कहा कि चुनाव के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए। सांसद को इस वादे की मौजूदा स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
No comments:
Post a Comment