Latest News

पानी के बकाया बिल किस्तों में जमा करवाने की मिलेगी सुविधा, छठ पूजा का बजट ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख किया गया: जसबीर सिंह बंटी

चंडीगढ़, 30 अक्टूबर 2026:चंडीगढ़ नगर निगम की 366वीं फाइनेंस एंड कॉन्ट्रैक्ट कमेटी (F&CC) की बैठक में कांग्रेस पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने शहरवासियों, विशेषकर गांवों के निवासियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। बैठक में उठाए गए मुद्दों पर नगर निगम कमिश्नर और मेयर ने सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

पानी के बकाया बिलों के लिए लगेंगे विशेष कैंप, मिलेगी किस्तों में भुगतान की सुविधा

पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने पानी के बढ़ते बकाया बिलों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आम लोगों और गांवों के निवासियों के लिए एकमुश्त बड़ी राशि जमा करवाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने मांग की कि लोगों को बकाया बिलों का भुगतान किस्तों में करने की सुविधा दी जाए, ताकि आर्थिक परेशानी के कारण किसी का पानी का मीटर या कनेक्शन न काटा जाए।

इस पर नगर निगम कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए और कहा कि लोगों को अपनी आर्थिक क्षमता के अनुसार बकाया राशि किस्तों में जमा करवाने की सुविधा दी जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके।

**छठ पूजा के लिए बजट ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख किया**

बंटी ने छठ पूजा के पावन पर्व को लेकर भी महत्वपूर्ण सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम द्वारा पहले केवल 14 स्थानों पर छठ पूजा के लिए व्यवस्था करने की योजना बनाई गई थी, जबकि सभी पार्षदों से उनके वार्डों में जरूरत के अनुसार स्थानों की जानकारी लेकर अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को सुविधा प्रदान की जानी चाहिए।

उनके सुझाव पर छठ पूजा के लिए निर्धारित बजट को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख कर दिया गया।

इस बजट के तहत छठ पूजा के लिए खड्डों का निर्माण, अच्छी गुणवत्ता की तिरपाल, लाइटें, लड़ियां, आवश्यकतानुसार नगर निगम की ओर से बैनर तथा छोटा म्यूजिक सिस्टम लगाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सम्मान के साथ भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना कर सकें।

**नगर निगम के सभी वाहनों में लगाए जाएंगे GPS सिस्टम**

बंटी ने नगर निगम के MOH और हॉर्टिकल्चर विभाग के वाहनों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने के लिए सभी वाहनों में GPS सिस्टम लगाने का सुझाव दिया। इससे यह पता चल सकेगा कि कौन-सी गाड़ी कितने चक्कर लगा रही है, कितना हॉर्टिकल्चर वेस्ट और अन्य सामान उठा रही है तथा निर्धारित क्षेत्र में कितना काम कर रही है।

**पहले V5 और V6 सड़कों की होगी री-कारपेटिंग**

शहर की सड़कों की खराब स्थिति और रुके हुए कार्यों का मुद्दा उठाते हुए कमिश्नर ने बताया कि उन्होंने चंडीगढ़ प्रशासन के सेक्रेटरी इंजीनियरिंग और चीफ इंजीनियर के साथ इस विषय पर बैठक की है।

उन्होंने बताया कि V3 सड़कों की स्थिति फिलहाल लगभग ठीक है, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर नगर निगम के अधीन आने वाली V5 और V6 सड़कों की री-कारपेटिंग करवाई जाएगी, ताकि आम नागरिकों को हो रही असुविधा से राहत मिल सके।

**पार्कों और स्ट्रीट लाइटों की शिकायतों का 72 घंटे में होगा समाधान**

बैठक में शहर की बंद पड़ी पार्क लाइटों और स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा भी उठाया गया। नगर निगम ने इसके लिए एक विशेष WhatsApp शिकायत नंबर जारी किया है। नागरिक इस नंबर पर खराब लाइटों की शिकायत दर्ज करवा सकेंगे और शिकायतों का समाधान 72 घंटे के भीतर करवाने का प्रयास किया जाएगा।

इससे आने वाले त्योहारों के दौरान शहरवासियों को अंधेरे और असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।

मेयर और नगर निगम कमिश्नर का जताया आभार

पार्षद जसबीर सिंह बंटी ने इन सभी जनहित के फैसलों के लिए मेयर और नगर निगम कमिश्नर का तहेदिल से धन्यवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से पानी के बकाया बिलों के लिए किस्तों की सुविधा और विशेष कैंप लगाने के निर्देशों का स्वागत करते हुए कहा कि इससे गांवों और आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।

उन्होंने छठ पूजा के बजट को ₹10 लाख से बढ़ाकर ₹50 लाख करने के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि छठ पूजा लाखों लोगों की आस्था से जुड़ा पर्व है। नगर निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए उठाया गया यह कदम सराहनीय है।

जसबीर सिंह बंटी ने कहा कि उनका हमेशा प्रयास रहा है कि नगर निगम की नीतियां और फैसले आम जनता की जरूरतों के अनुरूप हों तथा शहर के प्रत्येक वार्ड और प्रत्येक वर्ग को समान सुविधाएं मिलें। जनहित के मुद्दों को वे भविष्य में भी नगर निगम की बैठकों में मजबूती से उठाते रहेंगे।

जसबीर सिंह बंटी
पूर्व सीनियर डिप्टी मेयर एवं वार्ड पार्षद, वार्ड नंबर 24
नगर निगम, चंडीगढ़

No comments:

Post a Comment

buzzingchandigarh Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.
Published By Gooyaabi Templates