चण्डीगढ़ : सेक्टर 45 की बुड़ैल मार्केट के दुकानदारों को कथित रूप से परेशान किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के नेता शादाब राठी पर आरोप लगाया है कि वह दुकानदारों से कथित रूप से पैसे माँगते हैं और पैसे न देने पर उनके खिलाफ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड करते हैं।
दुकानदारों का आरोप है कि इस प्रकार की घटनाओं से उनकी प्रतिष्ठा और कारोबार प्रभावित हो रहा है। शिकायतकर्ताओं ने सोशल मीडिया पर ऐसी सामग्री प्रसारित किए जाने को लेकर भी चिंता जताई है, जिससे समाज में आपसी तनाव उत्पन्न होने की आशंका हो सकती है।
इसके साथ ही, क्षेत्र में कथित गैस सिलेंडर ब्लैक मार्केटिंग, शराब की अवैध बिक्री और देह व्यापार से संबंधित गतिविधियों की जाँच करवाने की माँग भी उठाई गई है।
स्थानीय व्यापारी नेताओं इंद्रजीत शर्मा, बलजिंदर गुजराल, नरेश गर्ग भोला, भारत भूषण कपिला, सुशील जैन, लक्की, संदीप, हरकेश राणा आदि ने क्षेत्र के सभी दुकानदारों के साथ एक बैठक की व कहा कि क्षेत्र की सभी मार्केटों के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के नेतृत्व में यहां के सभी कारोबारी एकजुट हैं। उन्होंने जानकारी दी कि इस मुद्दे को लेकर चण्डीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) की अगुआई में 25 अक्तूबर को प्रशासक से मिलेंगे व उनके समक्ष अपनी बात को सबूतों सहित मजबूती के साथ रखेंगे।
उन्होंने प्रशासन से माँग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जाँच करवाई जाए और यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता या कानून का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
स्थानीय व्यापारी नरेश भोला ने मांग की है कि बुड़ैल मार्केट में व्यापार करने वाले लोगों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए तथा शिकायतों पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दुकानदारों के इन आरोपों के बारे में जब शादाब राठी से बात की गई तो उन्होंने सारे आरोपों को निराधार व बेबुनियाद बताया।
No comments:
Post a Comment