Latest News

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने लोगो, जर्सी और गीत लांच किया

चंडीगढ़ , 07 मई चौथे एसबीआई खेलो इंडिया यूथ गेम्स की शनिवार को पंचकूला में लोगो, शुभंकर, जर्सी और  गीत के अनावरण के साथ भव्य शुरुआत हुई।
खचाखच भरे समारोह में हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल और केंद्रीय खेल मंत्री श्री अनुराग ठाकुर ने लॉन्चिंग की शुरुआत की। इन खेलों को ड्रीम  11 का समर्थन प्राप्त है और पीएनबी इसका एसोसिएट प्रायोजक है।  
श्री मनोहर लाल ने कहा,''हमें खेलो इंडिया गेम्स के इस संस्करण की मेजबानी करने पर गर्व और सम्मान महसूस हो रहा है। हम देश की युवा प्रतिभाओं का हमारे प्रिय राज्य में स्वागत करने के लिए और इन्तजार नहीं कर सकते।''
मुख्यमंत्री ने अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए अधिकतम संख्या में एथलीट भेजने के लिए हरियाणा की गौरवपूर्ण परंपरा की तरफ संकेत किया। उन्होंने कहा,''सबसे महत्वपूर्ण तो यह है कि भारत द्वारा ओलम्पिक और अन्य बड़े विश्व मुकाबलों में जीते पदकों में एक तिहाई हमारे प्रदेश से है। ''
प्रधानमन्त्री नरेंद्र मोदी की पहल पर शुरू किये गए खेलो इंडिया यूथ गेम्स , जिसका लक्ष्य भारत को खेलों की ताकत बनाना है, चार जून से शुरू होंगे। इन खेलों में देश भर से 8000 से ज्यादा छात्र 25 खेलों में हिस्सा लेंगे जिसमें पांच पारम्परिक खेल गतका, कलारीपयट्टू, थांग-ता, मलखंब और योगासन शामिल हैं। ये पांच खेल प्रदर्शनी खेलों के तौर पर आयोजित होंगे।
पंचकुला में ताऊ देवी लाल स्टेडियम सभी एक्शन का मुख्य केंद्र होगा जबकि चंडीगढ़, अम्बाला, शाहबाद और दिल्ली कुछ खेलों की मेजबानी करेंगे।
श्री अनुराग ठाकुर ने कहा,''हाल के समय में हमारे खिलाड़ियों ने विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। यह देखना उत्साहजनक है कि देश का अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाले कई युवा खेलो यूथ और यूनिवर्सिटी गेम्स से निकले हैं। 'प्रधानमंत्री श्री मोदी का एक युवा भारत का दृष्टिकोण जरूर भारत को निकट भविष्य में ओलम्पिक खेलों के टॉप 10 में जगह दिलाएगा। ''
लांच समारोह में मौजूद विशिष्ट लोगों में हरियाणा विधान सभा स्पीकर श्री ज्ञानचंद गुप्ता, उप मुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला और हरियाणा के खेल मंत्री संदीप सिंह, जो खुद हॉकी लीजेंड हैं, मौजूद थे।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स का लोगो एक दौड़ता एथलीट  है जो केसरिया और हरे रंगों में है। इसके साथ कुछ और महत्वपूर्ण तत्त्व हैं जो हरियाणा राज्य की शैली को दर्शाते हैं। इसमें महाभारत से दो ऐतिहासिक छवि भी हैं। अर्जुन के हाथों में धनुष और भगवान कृष्ण के हाथों में रथ की पताका और वे पांच खेल जिनमें हरियाणा का वर्षों से प्रभुत्व रहा है।
शुभंकर का नाम धाकड़ रखा गया है। यह एक बैल है जो देश के इन हिस्सों में पाया जाता है लेकिन इसे हरियाणा के बेटों और बेटियों की मौजूदा ताकत समझा जाता है।
इन खेलों के गीत को रैप स्टार रफ़्तार ने लिखा और परफॉर्म किया है।  यह गीत तुरंत ही हिट हो गया है और यह लोगों को थिरकने के लिए मजबूर कर देता है। इस गीत में राज्य के हर खेल स्टार की तारीफ़ की है चाहे वह हॉकी लीजेंड संदीप सिंह हों या फिर भारत के पहले एथलेटिक्स स्वर्ण विजेता नीरज चोपड़ा,  पहलवान बजरंग पुनिया, रवि दहिया, कपिल देव और  साक्षी मलिक।
पहली बार सरकार ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स मशाल रिले का आयोजन किया है जो हरियाणा के हर कोने में जायेगी और खेलों को प्रोत्साहित करेगी तथा हर बच्चे को खेलों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।
हरियाणा ने खेलों के लिए पूरी तैयारी कर ली है। विश्व स्तरीय बहुउद्देशीय खेल स्थल, सिंथेटिक ट्रैक और कृत्रिम टर्फ। नए  ढांचों में सरकारी महिला कॉलेज पंचकुला में बैडमिंटन हॉल और पंचकुला तथा शाहबाद में अत्याधुनिक हॉकी स्टेडियम तथा अम्बाला में हर मौसम के लिए तैराकी पूल।
इन खेलों का आयोजन संयुक्त रूप से राज्य सरकार, केंद्रीय खेल मंत्रालय और भारतीय खेल प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।

No comments:

Post a Comment

buzzingchandigarh Designed by Templateism.com Copyright © 2014

Theme images by Bim. Powered by Blogger.
Published By Gooyaabi Templates