चंडीगढ़ | छत्तीसगढ़ | नववर्ष 2026 से पूर्व वर्ष 2025 के सार्थक समापन हेतु श्रीमती कमल सिसोदिया, कमाण्डेंट, 13 बटालियन, सीआरपीएफ द्वारा छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुदूर आदिवासी क्षेत्रों में समाजसेवी अभियान संचालित किया गया। उन्होंने अनाथ बालिकाओं एवं जरूरतमंद महिलाओं से मिलकर संवाद स्थापित किया और सेनेटरी पैड, हाइजीन किट एवं उपयोगी सामग्री स्वयं वितरित की, जिससे स्वास्थ्य, स्वच्छता, आत्मविश्वास और जागरूकता को बढ़ावा मिला।
इसी दौरान उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता तथा सुरक्षा बलों में भर्ती होकर राष्ट्रसेवा हेतु प्रेरित किया। कई बालिकाओं ने उनके प्रेरक संबोधन से प्रभावित होकर भविष्य में पुलिस/सुरक्षा बलों में शामिल होने का संकल्प व्यक्त किया, जो नक्सलवाद से मुक्त और सशक्त समाज की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती कमल सिसोदिया लंबे समय से महिला स्वावलंबन, बाल विकास और महिला सशक्तिकरण जैसे विषयों पर सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। वे देश के विभिन्न पिछड़े और दूरस्थ इलाकों में जाकर इस प्रकार के जागरूकता एवं सहायता कार्यक्रम आयोजित करती रही हैं। उत्तर-पूर्व भारत, मध्य भारत तथा जम्मू-कश्मीर जैसे संवेदनशील और दूरदराज़ क्षेत्रों में उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं के लिए अनेक मार्गदर्शन एवं सहायता कार्यक्रम संचालित किए, जिनसे हजारों महिलाओं एवं परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है।
यह पहल समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और मानवीय उत्तरदायित्व का प्रतीक है, जो दर्शाती है कि सुरक्षा बल केवल राष्ट्र रक्षा ही नहीं, बल्कि सामाजिक दायित्वों और मानवीय कर्तव्य पालन में भी अग्रणी भूमिका निभाते हैं। वर्ष के अंतिम दिनों में वंचित वर्ग से मिलकर उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने और विकास की ओर प्रेरित करना उनकी संवेदनशील एवं राष्ट्रहितकारी सोच का प्रमाण है।
No comments:
Post a Comment