चंडीगढ़, 21 सितंबर : शहर में दशहरा उत्सव को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी, सेक्टर-46 की ओर से इस वर्ष दशहरा समारोह के लिए रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले तैयार करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसी कड़ी में श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-46 में विधिवत रूप से बांस पूजा की गई। मंदिर के पुजारियों ने मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पुतला निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने भी पूजा में हिस्सा लिया और दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर उत्साह जताया।
श्री सनातन धर्म दशहरा कमेटी, सेक्टर-46 के चेयरमैन एवं मुख्य संरक्षक जतिंदर भाटिया ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को पूरी श्रद्धा और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुतला निर्माण की परंपरा के तहत तीनों पुतलों को तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस अवसर पर मंदिर सभा के प्रधान एन.के. भाटिया, सचिव सुशील सोफत, सभा के अन्य सदस्य तथा पुतले बनाने वाले कारीगर शाहरुख और उनकी टीम मौजूद रही।
No comments:
Post a Comment